
यूपी – गौतम बुद्ध नगर, इंडियन काउंसिल ऑफ इंडस्ट्रियल मैनेजमेंट (ICIM) की ओर से सेक्टर-18 स्थित होटल में “श्रमेव जयते – न्यू लेबर कोड्स सेमिनार” का राष्ट्रीय सम्मेलन भव्य रूप से आयोजित किया गया। सम्मेलन का नेतृत्व ICIM चेयरमैन सत्येन्द्र सिंह और डायरेक्टर अंशुमान सिंह ने किया। इसका उद्देश्य उद्योग मालिकों, HR प्रमुखों, कानूनी विशेषज्ञों और अनुपालन अधिकारियों को नए श्रम सुधारों की दिशा, प्रभाव और व्यावहारिक क्रियान्वयन की जानकारी देना रहा।

कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलन गौतम बुद्ध नगर के सांसद महेश शर्मा और उत्तर प्रदेश श्रम एवं सेवायोजन विभाग के प्रमुख सचिव एम.के. शन्मुग सुन्दरम ने किया। अपने संबोधन में एम.के. शन्मुग सुन्दरम ने कहा कि नए श्रम कानूनों का मूल उद्देश्य कर्मचारियों को सुरक्षा, समय पर वेतन, बेहतर कार्य सुविधाएँ और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना, उन्हें ESI और सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाना उद्योग मालिकों की जिम्मेदारी है। नए लेबर कोड्स के अंतर्गत पारदर्शिता और दस्तावेजीकरण को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया।

राष्ट्रीय सम्मेलन में दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा सहित देश के विभिन्न राज्यों से 250 से अधिक उद्योगपति, HR प्रमुख, अनुपालन विशेषज्ञ और कानूनी सलाहकार शामिल हुए। कार्यक्रम में राकेश द्विवेदी (DLC, नोएडा), बृजेश सिंह (DDF, नोएडा), अनुराग मिश्रा (DLC, गाजियाबाद), आलोक सिंह (DDF, गाजियाबाद), रविन्द्र सिंह (DDF, मेरठ) और पंकज राणा (DLC, UPSSB) की उपस्थिति रही। इससे उद्योग और शासन के बीच संवाद और सहयोग को मजबूती मिली।

सेमिनार में श्रम कानूनों के विशेषज्ञों ने चारों लेबर कोड्स पर विस्तृत व्याख्यान दिए। सुधीर कुमार गुप्ता ने सोशल सिक्योरिटी कोड और OHS कोड, गोविंदराजु एन.एस. ने वेज कोड 2019 व 50 प्रतिशत CTC वेतन संरचना, जबकि यजत कुमार ने इंडस्ट्रियल रिलेशंस कोड 2020 और श्रम विवाद समाधान प्रणाली पर प्रकाश डाला।
ICIM चेयरमैन सत्येन्द्र सिंह ने कहा कि नए श्रम कोड्स केवल कानून नहीं, बल्कि श्रमिकों के सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन का आधार हैं। उन्होंने बताया कि ICIM देशभर में जागरूकता, प्रशिक्षण और अनुपालन सहायता कार्यक्रम लगातार चलाता रहेगा। सम्मेलन का आयोजन LegalIPL और Utthan Samiti के सहयोग से किया गया।






