यूपी – अलीगढ़/लखनऊ। योगी सरकार के दिव्यांगजन सशक्तीकरण के संकल्प को साकार करते हुए अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम, अलीगढ़ में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय दिव्य खेल महोत्सव–2025 का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
इस अवसर पर नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि खेल दिव्यांगजनों के आत्मविश्वास, आत्मसम्मान और सामाजिक समावेशन का सशक्त माध्यम हैं। दिव्य खेल महोत्सव केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों की प्रतिभा, संकल्प और आत्मनिर्भरता का उत्सव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार दिव्यांगजनों को शिक्षा, खेल, रोजगार और सामाजिक जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 से पहले दिव्यांग पेंशन 300 रुपये प्रतिमाह थी, जिसे बढ़ाकर 1000 रुपये किया गया है। वर्तमान में प्रदेश के 11.50 लाख से अधिक दिव्यांगजन इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। इसके अतिरिक्त दिव्यांग दंपत्ति विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत 35 हजार रुपये, दुकान निर्माण हेतु 20 हजार रुपये तथा संचालन के लिए 10 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। कॉक्लियर इम्प्लांट पर 6 लाख रुपये तक का खर्च सरकार वहन कर रही है। निःशुल्क सर्जरी, कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
शिक्षा और खेल पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि विशेष विद्यालयों, केयर सेंटरों और उच्च शिक्षा संस्थानों के माध्यम से दिव्यांग विद्यार्थियों को समान अवसर दिए जा रहे हैं। पेरिस पैरालंपिक 2024 में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने सिद्ध कर दिया कि दिव्यांगजन किसी से कम नहीं हैं।
कार्यक्रम के समापन पर मंत्री ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि इस महोत्सव से उभरने वाली प्रतिभाएं प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी।







