यूपी – गाजियाबाद/नई दिल्ली। प्रेस क्लब ऑफ इंडिया, नई दिल्ली की मैनेजिंग कमेटी के सदस्य चुने जाने पर वरिष्ठ पत्रकार अशोक कौशिक का राष्ट्रीय व्यापार मंडल द्वारा स्वागत किया गया। यह स्वागत कार्यक्रम राष्ट्रीय व्यापार मंडल के पदाधिकारियों द्वारा बालकिशन गुप्ता एवं पंडित अशोक भारतीय के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर पदाधिकारियों ने अशोक कौशिक को मिष्ठान खिलाकर तथा बुके भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। साथ ही प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के चुनाव में उनके पूरे पैनल की शानदार विजय पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे पत्रकारिता जगत के लिए सकारात्मक और प्रेरणादायक बताया।
राष्ट्रीय व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रेस क्लब ऑफ इंडिया जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्थान की मैनेजिंग कमेटी में अशोक कौशिक का चुना जाना न केवल उनकी निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता का सम्मान है, बल्कि यह समाज और मीडिया के बीच मजबूत सेतु का भी प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि अशोक कौशिक अपने अनुभव और दृष्टिकोण से प्रेस क्लब को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों और सदस्यों ने उन्हें उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर संदीप त्यागी, रसम, रितेश शर्मा, आशु पाठक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




