यूपी – गाजियाबाद, नगर निगम मुख्यालय पर आयोजित संभव कार्यक्रम के अंतर्गत नगर आयुक्त द्वारा आम नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं। कार्यक्रम के दौरान कुल 13 संदर्भ प्राप्त हुए, जिन पर संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा तत्काल कार्रवाई की गई। संभव कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहा।
प्राप्त संदर्भों में सर्वाधिक शिकायतें निर्माण विभाग से संबंधित रहीं, जिनकी संख्या चार रही। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग से तीन, उद्यान विभाग से दो, जलकल विभाग से दो, टैक्स विभाग से एक तथा अन्य विभाग से एक शिकायत प्राप्त हुई। निर्माण विभाग से जुड़ी शिकायतों पर नगर आयुक्त के निर्देश पर तत्काल मौके पर टीम भेजकर कार्रवाई कराई गई।
लाल कुआं, लोहिया नगर, राजेंद्र नगर, विजयनगर, दौलतपुरा एवं पटेल नगर क्षेत्रों से आए शिकायतकर्ताओं ने संभव कार्यक्रम में उपस्थित होकर सड़क, नाली, सफाई, जलापूर्ति, कर संबंधी एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं नगर आयुक्त के समक्ष रखीं। नगर आयुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर जाकर समाधान करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज, संपत्ति प्रभारी पल्लवी सिंह, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश तथा प्रभारी प्रकाश आश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं से संवाद कर समस्याओं की जानकारी ली और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं को समाधान की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि नागरिकों को नगर निगम की सेवाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।







