यूपी – गाजियाबाद, इंदिरापुरम वार्ड 57 अंतर्गत मकनपुर गांव के मुख्य मार्ग पर बारात घर से बाईपास तक दोनों ओर आरसीसी नाली एवं सीसी सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ 16 दिसंबर 2025 को किया गया। इस विकास कार्य का उद्घाटन महापौर सुनीता दयाल एवं केंद्रीय मंत्री सुनील शर्मा द्वारा किया गया। निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल रहा।
यह विकास परियोजना निगम पार्षद राधेश्याम त्यागी के सतत प्रयासों, गांववासियों के सहयोग एवं वार्ड 57 के नागरिकों के समर्थन से संभव हो सकी। कार्यक्रम के दौरान नगर निगम द्वारा नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
उद्घाटन अवसर पर ग्रामीणों ने पेयजल समस्या, सीवर व्यवस्था तथा तालाब के सौंदर्यीकरण से जुड़े मुद्दे रखे। इस पर पार्षद राधेश्याम त्यागी ने बताया कि इन विषयों पर निगम स्तर पर निरंतर कार्य किया जा रहा है और आने वाले समय में ठोस समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे गांव का समग्र विकास हो सके।
महापौर ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पार्षद के सहयोग से गांव के प्रत्येक हिस्से का विकास प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि बालाजी मंदिर से काला पत्थर रोड होते हुए एनएच-9 तक अर्बन रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट एजेंसी द्वारा मुख्यमंत्री ग्रीन रोड परियोजना के अंतर्गत सड़क निर्माण कार्य भी कराया जा रहा है, जिसका उद्घाटन इसी अवसर पर किया गया।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष मंजुला गुप्ता, मंडल उपाध्यक्ष अंकुर त्यागी सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।







