Screenshot_20221103-203604_YouTube
IMG-20230215-WA0382
a12
IMG-20230329-WA0101
img-20260320-wa00301462326132922532701.jpg
PlayPause
previous arrow
next arrow

18 दिसंबर को आरडी इंजीनियरिंग कॉलेज में वृहद रोजगार मेला, 3500 से अधिक पदों पर अवसर

Share on facebook
Share on whatsapp
Share on twitter
Share on google
Share on linkedin

यूपी – गाजियाबाद, जिला सेवायोजन कार्यालय गाजियाबाद एवं आरडी इंजीनियरिंग कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में 18 दिसंबर 2025 को प्रातः 10 बजे से आरडी इंजीनियरिंग कॉलेज, मेरठ रोड, दुहाई में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मेला जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी, जिनके माध्यम से 3500 से अधिक तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों पर भर्ती की जाएगी। मेले में हाईस्कूल से लेकर स्नातकोत्तर उत्तीर्ण अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आयोजन में लगभग 5000 अभ्यर्थियों के उपस्थित होने की संभावना है।

जिलाधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले के सफल आयोजन एवं व्यवस्थाओं के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उप जिलाधिकारी गाजियाबाद को कानून व्यवस्था, एसीपी मुरादनगर को आवश्यक पुलिस व्यवस्था, मुख्य चिकित्साधिकारी को प्राथमिक चिकित्सा सुविधा, अधिशासी अधिकारी मुरादनगर को पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अतिरिक्त राजकीय एवं निजी पॉलीटेक्निक, आईटीआई, इंटरमीडिएट कॉलेजों एवं महाविद्यालयों के छात्रों को रोजगार मेले में प्रतिभाग कराने के लिए संबंधित प्रधानाचार्यों एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया गया है। कौशल विकास मिशन के अंतर्गत प्रशिक्षित अभ्यर्थियों, ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को भी व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से मेले में भाग लेने हेतु सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अग्निशमन विभाग को सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला रोजगार सहायता अधिकारी को रोजगार मेले का प्रभारी नियुक्त किया गया है, जिन्हें सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।