यूपी – गाजियाबाद, शहर को हरा-भरा और सुंदर बनाने के उद्देश्य से गाजियाबाद नगर निगम द्वारा ग्रीन बेल्ट, सेंट्रल वर्ज और प्रमुख चौराहों पर व्यापक स्तर पर पौधारोपण एवं सौंदर्यकरण का कार्य किया जा रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर निगम सीमा के अंतर्गत विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर शहर की हरियाली को लगातार बढ़ाया जा रहा है।

नगर निगम द्वारा डेट पाम, हमेलिया, चांदनी, फेक्सपांदा, पोनिक्स पाम, रॉयल पाम, कैलेंडर, एनर्मी और लिली जैसे आकर्षक पौधों के माध्यम से प्रमुख मार्गों और चौराहों को सजाया जा रहा है। पांचों जोन में लगभग 25 से 30 स्थानों पर ग्रीन बेल्ट और सेंट्रल वर्ज को हरा-भरा और सुव्यवस्थित किया जा रहा है।
उद्यान विभाग के अनुसार, कविनगर जोन में कलेक्ट्रेट आरडीसी फ्लाईओवर से हरसाव पुलिस लाइन, विवेकानंद नगर से संजय नगर, संजय नगर फ्लाईओवर से हापुर चुंगी और एनएच-9 डायमंड फ्लाईओवर क्षेत्र में ग्रीन बेल्ट का सौंदर्यकरण किया गया है। वसुंधरा जोन में वैशाली और वसुंधरा के विभिन्न सेक्टरों, आनंद विहार रोड, पैसिफिक मॉल के सामने और साहिबाबाद सब्जी मंडी क्षेत्र में पौधारोपण कराया जा रहा है। सिटी जोन में हिंडन फ्लाईओवर से मेरठ रोड तिराहा और जीटी रोड तक सेंट्रल वर्ज को संवारा जा रहा है। मोहन नगर जोन में एयरपोर्ट रोड, दिल्ली बॉर्डर से नागद्वार तक सेंट्रल वर्ज और प्रमुख चौराहों पर हरियाली बढ़ाई गई है। इसी क्रम में विजयनगर और इंदिरापुरम क्षेत्रों में भी कार्य जारी है।
नगर निगम ने शहरवासियों से भी अपील की है कि वे अपने घरों की बालकनी, गार्डन, टेरेस और किचन गार्डन में पौधे लगाकर हरियाली और सौंदर्यकरण को बढ़ावा दें।







