यूपी – गाजियाबाद/मोदीनगर, कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार राय ने 12 दिसंबर 2025 को जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा के साथ मोदीनगर क्षेत्र का दौरा कर बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर उत्तर प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और उत्तर प्रदेश में जंगलराज की स्थिति बन चुकी है, जबकि सरकार के दावे खोखले साबित हो रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने हाल ही में मोदीनगर में हुई एक सनसनीखेज हत्या का उल्लेख करते हुए कहा कि 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग स्वर्णकार गिरधारी लाल सोनी की दिनदहाड़े निर्मम हत्या कर दी गई। हमलावरों द्वारा पहले मिर्ची पाउडर फेंककर फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए। अजय राय ने दिवंगत के आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने सरकार और पुलिस से मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोर दंड दिया जाए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इसके बाद अजय राय ने मोदीनगर निवासी एक बीएलओ की मृत्यु का भी जिक्र किया, जिनकी ड्यूटी निवास स्थान से दूर साहिबाबाद लगाई गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अत्यधिक मानसिक दबाव और समय से पहले कार्य पूरा करने के दबाव के कारण उनकी मृत्यु हुई। इस मामले में भी उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष और कांग्रेस पदाधिकारियों ने दोनों दिवंगत परिवारों से मुलाकात कर शोक व्यक्त किया।
दौरे के अंतिम चरण में भोजपुर में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नीरज प्रधान प्रजापति के आवास पर बैठक आयोजित की गई। बैठक में 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली कांग्रेस की महारैली की तैयारियों पर चर्चा की गई और अधिक से अधिक संख्या में लोगों के साथ दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया गया। बैठक में जिला व शहर कांग्रेस, महिला कांग्रेस और सेवादल के पदाधिकारी उपस्थित रहे।







