मुजफ्फरनगर दौरे में नरेंद्र कश्यप ने जनसुनवाई तेज करने और दिव्यांगजन सहायता बढ़ाने के दिए निर्देश

यूपी – मुजफ्फरनगर, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण नरेंद्र कश्यप ने शुक्रवार को मुजफ्फरनगर का दौरा कर दिव्यांगजन कल्याण और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर कई महत्वपूर्ण बैठकें, कार्यक्रम और निरीक्षण किए। वह सुबह गाजियाबाद से रवाना होकर दिनभर जिले के विभिन्न आयोजनों में शामिल रहे।

दौरे की शुरुआत रोड स्थित आधारसेवा समाज सेवा समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम से हुई, जहां मंत्री ने दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण और प्रमाण पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र दिव्यांगजनों को समय पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए और सहायता शिविरों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक लाभ पहुंच सके।

इसके बाद मंत्री ने दुमसपुर मैदान में आयोजित बड़े शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद लाभार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि दस्तावेज सत्यापन और उपकरण वितरण में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने कहा कि शिविरों में पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।

निरीक्षण भवन में दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने लंबित मामलों पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जाए। मंत्री ने कहा कि जनसुनवाई को तेज, सरल और प्रभावी बनाना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि आम नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

गोकुल सिटी स्थित मंत्री आवास पर जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने भी उनसे मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। मंत्री ने प्राप्त शिकायतों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

दिनभर के कार्यक्रमों, बैठकों और निरीक्षणों के बाद मंत्री नरेंद्र कश्यप देर शाम गाजियाबाद के लिए रवाना हो गए।