14 दिसंबर से शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान : मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अखिलेश मोहन
यूपी – गाजियाबाद, आगामी 14 दिसंबर 2025 से शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सुल्लामल रामलीला मैदान, घंटाघर गाजियाबाद से एक विशाल रैली का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अखिलेश मोहन ने हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया और सभी से पोलियो उन्मूलन अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

रैली में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। 47 पीएसी बटालियन, एनसीसी कैडेट्स, एमबी गर्ल्स इंटर कॉलेज गाजियाबाद, ठाकुरद्वारा इंटर कॉलेज हापुड़ मोड़ एवं शंभू दयाल इंटर कॉलेज के छात्रों ने जन-जागरूकता संदेशों के साथ मार्च करते हुए लोगों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही डब्ल्यूएचओ-एनपीएसपी तथा यूनिसेफ के प्रतिनिधियों की विशेष उपस्थिति ने अभियान की गंभीरता और व्यापकता को दर्शाया।
रैली सुल्लामल रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई एमएमजी जिला चिकित्सालय गाजियाबाद में संपन्न हुई। जागरूकता रैली में स्वास्थ्य विभाग के उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. जितेंद्र सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी गाजियाबाद जी.के. मिश्रा, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक नरेन्द्र, पोलियो प्रभारी अधिकारी डॉ. पवन कुमारी एवं डॉ. सबा परवीन, एसएमओ-डब्ल्यूएचओ डॉ. अभिषेक तथा यूनिसेफ प्रतिनिधि मौ. सादाब भी शामिल रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को 14 दिसंबर को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाई जाए, ताकि जनपद को पोलियो मुक्त बनाए रखने के प्रयास और अधिक सुदृढ़ हो सकें।






