Screenshot_20221103-203604_YouTube
IMG-20230215-WA0382
a12
IMG-20230329-WA0101
img-20260320-wa00301462326132922532701.jpg
PlayPause
previous arrow
next arrow

अवैध पैठ बाजार के खिलाफ व्यापारी संगठनों का अल्टीमेटम, कल कार्रवाई न होने पर धरना

Share on facebook
Share on whatsapp
Share on twitter
Share on google
Share on linkedin

यूपी – गाजियाबाद, शहर के बीचों-बीच गंदे नाले पर लगने वाले अवैध पैठ बाजार को लेकर व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। नयी बस्ती–गंदा नाला, थाना कोतवाली क्षेत्र में हर रविवार को लगने वाला यह पैठ बाजार कानून-व्यवस्था, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था के लिए गंभीर समस्या बन चुका है। बावजूद इसके, कई बार विरोध और शिकायतों के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के युवा प्रदेश महामंत्री राजू छाबड़ा ने महापौर सुनीता दयाल, विधायक संजीव शर्मा, पार्षद राजीव शर्मा, नगर आयुक्त तथा डीसीपी सिटी गाजियाबाद को संबोधित ज्ञापन में कहा कि यह बाजार पूरी तरह अवैध है। यहां लगभग 90 प्रतिशत व्यापारी न तो जीएसटी पंजीकरण रखते हैं और न ही ग्राहकों को बिल देते हैं, जिससे खुलेआम टैक्स चोरी हो रही है और सरकार को भारी राजस्व हानि पहुंच रही है।

उन्होंने बताया कि नियमित दुकान चलाने वाले ईमानदार व्यापारी समय पर कमर्शियल टैक्स, जीएसटी और अन्य सरकारी शुल्क जमा करते हैं, जबकि इस अवैध बाजार के कारण उनके व्यवसाय पर सीधा और नकारात्मक असर पड़ रहा है। साथ ही बाजार के कारण पूरे इलाके में भीषण जाम, गंदगी, शोर और अव्यवस्था बनी रहती है। कई बार एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपात सेवाएं भी जाम में फंस जाती हैं।

व्यापार मंडल की मांग है कि इस पैठ बाजार की तत्काल जांच कराई जाए, बिना जीएसटी और कमर्शियल टैक्स के व्यापार करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो, बाजार संचालकों और अवैध वसूली करने वालों को दंडित किया जाए तथा इस बाजार को तुरंत हटाया जाए। साथ ही सुझाव दिया गया है कि इसे हिंडन के आसपास किसी खाली मैदान में स्थानांतरित किया जाए।

राजू छाबड़ा ने चेतावनी दी कि यदि रविवार को प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो सोमवार सुबह 10:30 बजे व्यापारी संगठन टाउन हॉल पर धरना-प्रदर्शन करेगा।