द श्री राम वंडर इयर्स ने ‘ज़ूटोपिया’ थीम के साथ मनाया 7वां स्थापना दिवस

यूपी – गाजियाबाद, राजनगर स्थित प्रतिष्ठित प्री-स्कूल द श्री राम वंडर इयर्स (The Shri Ram Wonder Years) ने सोमवार, 8 दिसंबर 2025 को अपने 7वें स्थापना दिवस पर रंगारंग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया। कार्यक्रम में जिला अधिकारी रवींद्र कुमार मंदर (IAS), नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनकी उपस्थिति ने समारोह की गरिमा बढ़ाई और बच्चों व अभिभावकों के लिए बड़ा प्रेरणास्रोत बनी।

समारोह का मुख्य आकर्षण इस वर्ष की विशेष थीम ‘ज़ूटोपिया’ रही, जिसे बच्चों से जोड़ते हुए पूरी सजावट को मनोरंजक जंगल और फिल्म के लोकप्रिय किरदारों की शैली में तैयार किया गया। परिसर में प्रवेश करते ही अभिभावक और नन्हे विद्यार्थी रंग-बिरंगे सेटअप और आकर्षक गतिविधियों से भरपूर माहौल में उत्साहपूर्वक शामिल होते दिखे।

स्कूल प्रबंधन ने बताया कि 7 वर्ष पूरे होने का यह अवसर उनके लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस दौरान संस्थान ने बच्चों को सुरक्षित, रचनात्मक और सीखने से भरपूर वातावरण देने के अपने संकल्प को लगातार मजबूत किया है। स्थापना दिवस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को Wonder – Imagine – Discover (आश्चर्य, कल्पना और खोज) की भावना से जोड़ते हुए एक आनंदमय अनुभव प्रदान करना रहा।

बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियों, थीम आधारित गतिविधियों और रचनात्मक खेलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अभिभावकों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भागीदारी की। स्कूल प्रबंधन के अनुसार, जिला अधिकारी की उपस्थिति विद्यालय के लिए गर्व का विषय है और आगे भी ऐसे प्रेरणादायी अवसरों के माध्यम से बच्चों को समग्र विकास के अवसर प्रदान किए जाते रहेंगे।