यूपी – गाजियाबाद, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सतीश शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल के साथ मोदीनगर में उस शिक्षक के परिजनों से मुलाक़ात कर शोक संवेदना व्यक्त की, जिनकी बीएलओ ड्यूटी के दौरान मृत्यु हो गई। मोदीनगर निवासी शिक्षक लालमोहन की साहिबाबाद क्षेत्र में मतदाता पुनरीक्षण अभियान (BLO ड्यूटी) में तैनाती थी। आरोप है कि ड्यूटी के दौरान संबंधित अधिकारियों के उत्पीड़न और अत्यधिक दबाव के कारण उन्हें ब्रेन हेमरेज हो गया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि एक सरकारी दायित्व निभाते हुए शिक्षक की मौत अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और इस घटना की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। प्रतिनिधियों ने मांग की कि मृतक शिक्षक के परिजनों को आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए।
प्रतिनिधिमंडल में मोदीनगर के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी प्रदीप कंसल, पूर्व प्रत्याशी नीरज प्रजापति, नगर अध्यक्ष बृजेश सेन, जिला महामंत्री तरुण शर्मा एडवोकेट, जिला सचिव दिनेश कुमार, नगर अध्यक्ष सुनील शर्मा, आशुतोष गुप्ता और जिला मीडिया प्रभारी भी शामिल रहे।
नेताओं ने कहा कि शिक्षक समाज की रीढ़ हैं और मतदाता पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लगे कार्मिकों को उचित कार्य वातावरण, सुरक्षा और सम्मान मिलना आवश्यक है। उन्होंने शिक्षक लालमोहन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कांग्रेस पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और न्याय की लड़ाई में हर संभव सहयोग करेगी।







