यूपी – पुरकाजी, ग्राम गोधना एवं हरिनगर, ब्लॉक पुरकाजी में राष्ट्रीय किसान यूनियन के दो अलग-अलग स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में संगठन ने किसानों और मजदूरों से जुड़ी महत्वपूर्ण समस्याओं पर मंथन किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी रविंद्र सिंह गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने किसानों-मजदूरों की दिक्कतों, गन्ना मूल्य निर्धारण, क्षेत्र में आई बाढ़ एवं अन्य गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की तथा इनके शीघ्र समाधान के लिए संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय किसान यूनियन सर्वसमाज, सर्वधर्म, किसान, मजदूर, शोषित एवं पीड़ित वर्ग के साथ खड़ी रही है और आगे भी अन्याय के खिलाफ पूरी मजबूती से आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने एकजुटता को ही समस्याओं के समाधान का सबसे बड़ा हथियार बताते हुए संगठन को मजबूत करने पर बल दिया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामफल सिंह दरोगा, जिला अध्यक्ष नरेशपाल सिंह सिमर्थी सहित क्षेत्र के अनेक सम्मानित किसान व मजदूर प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर यूनियन द्वारा संगठन विस्तार करते हुए हरिनगर के गौतम कश्यप को ब्लॉक अध्यक्ष पुरकाजी तथा ओमप्रकाश गोधना को ब्लॉक उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। दोनों को माल्यार्पण कर और टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।







