यूपी – गाजियाबाद, 6 दिसंबर 2025 आर.के.जी. ग्लोबल स्कूल में 2 से 6 दिसंबर तक आयोजित ‘आह्वान खेल प्रतियोगिता’ का समापन खो-खो मुकाबले के साथ रोमांचक रहा। प्रतियोगिता के अंतिम चरण में श्री राम मॉडर्न पब्लिक स्कूल की कक्षा 4 और 5 की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बुलंदशहर के प्रतिष्ठित रेनेसां स्कूल को मात देकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। नन्हीं खिलाड़ियों ने 40 विद्यालयों को पछाड़ते हुए उत्कृष्ट टीमवर्क और अदम्य साहस का परिचय दिया।

टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे विद्यालय के शारीरिक शिक्षक सचिन कुमार का विशेष 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर और सुनियोजित रणनीति महत्वपूर्ण रही। उनके मार्गदर्शन में बच्चों ने फिटनेस, गति नियंत्रण और तकनीकी कौशल पर विशेष अभ्यास किया, जिसका परिणाम निर्णायक मुकाबले में देखने को मिला।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि कर्नल संदीप पांडे ने बालिका टीम का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि नन्हे खिलाड़ियों का जोश और जज़्बा भारतीय खेलों के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि यही लगन बनी रही, तो यही बच्चे आगे चलकर देश को अंतरराष्ट्रीय मंच पर मेडल दिलाएंगे।
आर.के.जी.आई.टी. के डीन प्रो. एच.जी. गर्ग ने विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि शिक्षा मनुष्य को ज्ञान देती है, जबकि खेल जीवन जीने की कला और संघर्ष की शक्ति प्रदान करते हैं। प्रतियोगिता के सफल आयोजन की सराहना करते हुए उन्होंने प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







