यूपी – गाजियाबाद, विकास खंड लोनी परिसर में शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 34 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न कराया गया। आयोजन की जानकारी जिला समाज कल्याण अधिकारी संदीप चौधरी ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक विवाहित जोड़े को 25,000 रुपये मूल्य की उपहार सामग्री प्रदान की जाती है, जिसमें वर–वधू के वस्त्र, चांदी की बिछिया व पायल, स्टील डिनर सेट, प्रेशर कुकर, ट्रॉली बैग, वैनिटी किट और दीवार घड़ी आदि शामिल हैं। इसके अतिरिक्त कन्या के बैंक खाते में 60,000 रुपये की धनराशि भेजने का प्रावधान है।
कार्यक्रम में विभिन्न समाजों के जोड़े शामिल हुए, जिनमें अनुसूचित जाति के 10, अन्य पिछड़ा वर्ग के 8, सामान्य वर्ग के 5 तथा अल्पसंख्यक समुदाय के 11 जोड़े रहे। कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित 23 हिंदू जोड़ों का विवाह हिन्दू रीति-रिवाज के अनुसार फेरे और जयमाल के साथ सम्पन्न हुआ, जबकि 11 मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया।
कार्यक्रम में विधायक लोनी नंद किशोर गुर्जर और प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी गाजियाबाद प्रदीप कुमार पांडेय ने नवविवाहितों को आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी संदीप चौधरी, खंड विकास अधिकारी विन्नी यादव सहित समाज कल्याण विभाग एवं विकास खंड लोनी के कर्मचारियों की उपस्थिति और सहयोग सराहनीय रहा।







