यूपी – गाजियाबाद, नगर निगम द्वारा शहर की वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए चलाया जा रहा महाअभियान अब रात्रि में भी जारी है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर प्रतिदिन निर्धारित रूटों पर बड़े पैमाने पर पानी का छिड़काव, सड़कों की सफाई, धूल हटाने और ग्रीन बेल्ट से धूल मुक्तिकरण का कार्य किया जा रहा है। यह अभियान प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक लगातार चल रहा है। नगर आयुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि अभियान प्रभावी रूप से संचालित हो सके।

अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार को रात में भी अभियान को महाअभियान के रूप में आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जलकल, उद्यान, स्वास्थ्य और निर्माण विभाग संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं तथा अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। निगम द्वारा तैयार किए गए साप्ताहिक रोस्टर के अनुसार दुहाई, हापुड़ चुंगी, विवेकानंद नगर कट, डायमंड फ्लाईओवर, एनएच 24, लालकुआँ, मेरठ रोड, राजनगर एक्सटेंशन, मोहान नगर, यूपी गेट, एलिवेटेड रोड, नागद्वार, भोपुरा चौक तथा अप्सरा बॉर्डर सहित प्रमुख मार्गों पर कार्य किया जा रहा है। इंदिरापुरम क्षेत्र के सभी वार्डों में भी मुख्य सड़कों पर गहन सफाई अभियान जारी है।
अभियान में एंटी स्मॉग गन, वॉटर स्प्रिंकलर, रोड स्वीपिंग मशीनों के साथ-साथ सफाई मित्र भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। जहां मुख्य सड़कों पर मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग की जा रही है, वहीं साइड पटरी पर सफाई मित्रों द्वारा जमी हुई धूल हटाई जा रही है। नगर निगम सीमा के 25 से अधिक मुख्य मार्ग प्रतिदिन धूल मुक्त किए जा रहे हैं।
नगर आयुक्त ने सफाई मित्रों की विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और कार्यशैली प्रशंसनीय है। अभियान को मिले जनसहयोग की भी उन्होंने सराहना की और कहा कि वायु गुणवत्ता सुधारने में नागरिकों का सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।







