यूपी – गाजियाबाद, नंदग्राम स्थित एसबीएन इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं के लिए आत्मरक्षा एवं सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं जिला गाजियाबाद ताइक्वांडो संघ (पंजीकृत) की सचिव और ओपन इंटरनेशनल स्वर्ण पदक विजेता विधि, जिन्होंने बच्चों को आत्मरक्षा की महत्वपूर्ण तकनीकें सीखाईं और उन्हें सजग रहने का संदेश दिया।

विधि ने सैकड़ों बच्चों को सरल व प्रभावी सेल्फ डिफेंस तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि किसी भी आकस्मिक स्थिति में घबराने के बजाय आत्मविश्वास बनाए रखना और सही तकनीक का उपयोग करना सबसे अधिक जरूरी है। छात्राओं को विशेष रूप से सतर्क, जागरूक और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी गई।
कार्यक्रम में एसबीएन ग्रुप की चेयरमैन पुष्पा रावत और डायरेक्टर तरुण रावत मौजूद रहे। दोनों ने प्रशिक्षण शिविर की सराहना करते हुए कहा कि बदलते समय में आत्मरक्षा बच्चों के लिए अनिवार्य कौशल बन गया है। यह न केवल सुरक्षा का आधार है, बल्कि आत्मविश्वास और मानसिक मजबूती भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय द्वारा किया गया यह प्रयास बच्चों को विपरीत परिस्थितियों से निपटने में सक्षम बनाएगा।
विद्यालय प्रबंधन ने भी कार्यक्रम की प्रशंसा की और कहा कि भविष्य में ऐसे जागरूकता शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थी शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से मजबूत बन सकें। कार्यक्रम के दौरान बच्चों का उत्साह देखने लायक था। सेल्फ डिफेंस के प्रशिक्षण के बाद छात्र-छात्राओं में आत्मविश्वास और जोश स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।







