
यूपी – गाजियाबाद, एचआरआईटी विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय राइज इन इंडिया कार्यक्रम का बुधवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और कन्नौज सदर विधायक असीम अरुण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. अनिल अग्रवाल ने पुष्पदल, अंगवस्त्र और स्मृतिचिह्न देकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की टीम द्वारा वंदे मातरम तथा राजस्थानी भवई नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं। समारोह में लोनी विधायक नन्द किशोर गुर्जर, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, भाजपा नेता बृजपाल तेवतिया, पूर्व चेयरमैन रीना भाटी, गोपाल अग्रवाल, पवन सहलोत, अंजुल अग्रवाल, राहुल गोयल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

संविधान दिवस पर विद्यार्थियों ने संविधान की मूल भावना और नागरिक कर्तव्यों पर अपने विचार व्यक्त किए। शहीदों के परिजनों को सम्मानित करते हुए उनकी वीरता को नमन किया गया। साथ ही देश की प्रमुख वैज्ञानिक संस्थाओं—वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद, रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन आदि—के उत्कृष्ट कार्यों को सराहा गया। कार्यक्रम में लगाए गए स्टॉल्स में से प्रथम पुरस्कार परमाणु ऊर्जा विभाग, द्वितीय भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण और तृतीय पुरस्कार डीआरडीओ को मिला।

समापन संबोधन में डॉ. अनिल अग्रवाल ने कहा कि राइज इन इंडिया कार्यक्रम विद्यार्थियों की क्षमताओं को निखारने और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को मजबूत करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को कौशल विकास और नवाचार के लिए प्रेरित किया। असीम अरुण ने कहा कि भारत को विश्व नेतृत्व की ओर अग्रसर करना युवाओं के समर्पण और प्रतिभा पर निर्भर है।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और संस्थानों को सम्मानित कर धन्यवाद ज्ञापित किया गया।







