सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल में वार्षिक खेल समारोह सम्पन्न

छात्रों ने एथलेटिक प्रतियोगिताओं में दिखाया दमखम

यूपी – गाजियाबाद, सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल, मरियम नगर, गाजियाबाद में वार्षिक खेल समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नंदग्राम थाना, गाजियाबाद के पुलिस एसएचओ उमेश कुमार ने उपस्थिति दर्ज कराई और छात्रों का मनोबल बढ़ाया।

समारोह के दौरान विभिन्न एथलेटिक स्पर्धाओं का आयोजन किया गया, जिनमें 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर रिले रेस, लॉन्ग जंप आदि प्रमुख आकर्षण रहे। सभी कक्षाओं के छात्रों ने उत्साह एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ भाग लिया और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। बच्चों के शानदार प्रदर्शन ने पूरे माहौल को जोशपूर्ण और रोमांचक बना दिया।

स्कूल की प्रिंसिपल सिस्टर लीना कैथरथ ने विजेता एवं प्रतिभागी छात्रों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को विकसित करते हैं। उन्होंने छात्रों को खेलों में निरंतर भाग लेने और अपनी क्षमता को पहचानने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि उमेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्रों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में खेल शिक्षकों व विद्यालय के स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षकों और छात्रों की संयुक्त मेहनत से आयोजित यह समारोह विद्यालय की वार्षिक गतिविधियों का प्रमुख आकर्षण रहा। स्कूल प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों को उनके योगदान और अनुशासन की सराहना की।