यूपी – गाजियाबाद, मतदाता पुनरीक्षण महाअभियान SIR (Special Intensive Revision) को सुचारू, प्रभावी और जनसहायक रूप से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से भाजपा महानगर कार्यालय नेहरू नगर में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष और मुख्य अभियान नियंत्रक मयंक गोयल ने की।
बैठक में अभियान की रणनीति, जनसहभागिता और फॉर्म जमा कराने में आने वाली समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मयंक गोयल ने अभियान को मजबूती देने के लिए कई हेल्पलाइन नंबर जारी किए, जिनसे नागरिक सीधे टीम से सहयोग प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि आगामी रविवार को प्रत्येक बूथ पर भाजपा कार्यकर्ता कैंप लगाकर फॉर्म की जाँच, मार्गदर्शन और जमा कराने में सहयोग देंगे।
उन्होंने कहा कि पहचान हेतु निर्धारित 11 में से किसी भी मान्यता प्राप्त आईडी पर फॉर्म जमा किए जा सकते हैं और फॉर्म जमा होते ही पुनरीक्षण प्रक्रिया पूर्ण मानी जाएगी। कार्यकर्ताओं की टीमें प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक नेहरू नगर कार्यालय में उपलब्ध रहकर समस्याओं का समाधान कर रही हैं।
मीडिया प्रभारी प्रदीप चौधरी ने कहा कि फॉर्म जमा करने से पहले सभी विवरणों की जाँच करें, नवीनतम फोटो लगाएँ, स्वयं और BLO के हस्ताक्षर करें तथा रिसीविंग कॉपी अवश्य प्राप्त करें।
बैठक में अभियान संयोजक सुभाष चंद शर्मा, सह-संयोजक अमित रंजन, देवेन्द्र गिरी, संदीप चोधरी, बलराम रावल, मॉनिटरिंग संयोजक पंकज भारद्वाज, मीडिया संयोजक प्रदीप चौधरी तथा डिजिटल टोली के सोनू भाटी, अक्षय अग्रवाल और प्रियंका प्रियदर्शिनी को जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं।
मयंक गोयल ने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता को सही जानकारी देकर SIR अभियान को शत–प्रतिशत सफल बनाने में पूर्ण योगदान दें, क्योंकि यह पहल लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।







