यूपी – गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, गाजियाबाद द्वारा संचालित साप्ताहिक गोवंश नंदी हराचारा सेवा पिछले साढ़े तीन वर्षों से निरंतर जारी है। इस सेवा कार्यक्रम में समय-समय पर जनपद के प्रमुख राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक हस्तियों को आमंत्रित किया जाता रहा है।

आज के विशेष सेवा कार्यक्रम में गाजियाबाद नगर निगम के नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष प्रवीण चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति रही। रेडक्रॉस टीम के सुभाष गुप्ता, अनुराग अग्रवाल, एम.सी. गौड़, मनोज खंडेलवाल, मनोज अग्रवाल, धवल गुप्ता, शुभम चतुर्वेदी और पूजा वर्मा सहित अन्य सदस्यों ने संयुक्त रूप से मुख्य अतिथि का स्वागत राम नाम का पटका पहनाकर और नंदी का प्रतीक चिन्ह भेंट कर किया।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने कहा कि मूक पशुओं को अपने हाथों से हरा चारा और गुड़ खिलाना बड़े पुण्य का कार्य है। उन्होंने इसे साक्षात ईश्वर की सेवा बताया। उन्होंने कहा कि जनपद के प्रत्येक नागरिक को रेडक्रॉस की इस सेवा भावना से प्रेरणा लेकर गोवंश के संरक्षण और उनकी देखभाल में योगदान देना चाहिए। यदि सभी लोग मिलकर हरा चारा, दवा और देखभाल का संकल्प लें तो जिले में न केवल गोवंश स्वस्थ रहेगा बल्कि सड़कों पर कोई आवारा पशु भी नहीं दिखेगा।
कार्यक्रम के अंत में नंदी पार्क में तैनात सभी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को अल्पाहार वितरित किया गया। यह सेवा अभियान गाजियाबाद में गोसेवा और जनजागरण की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में निरंतर आगे बढ़ रहा है।







