पं. राजेश शर्मा ने मुख्यमंत्री को भेजी शिकायत
यूपी – गाजियाबाद, विजयनगर प्रताप विहार स्थित सम्राट चौक पर नियमों के विपरीत चल रही अवैध मीट दुकानों को लेकर जन अधिकार मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. राजेश शर्मा ने मुख्यमंत्री को शिकायत भेजी है। उन्होंने कहा कि सम्राट चौक से प्रताप विहार और सिद्धार्थ विहार की ओर जाने वाला मार्ग प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिसका उपयोग रोजाना लाखों निवासी नोएडा और दिल्ली जाने के लिए करते हैं। इस मुख्य सड़क पर बिना अनुमति लग रही मीट दुकानों ने स्थानीय लोगों के लिए गंभीर समस्याएं पैदा कर दी हैं।
पं. राजेश शर्मा का कहना है कि सड़क के दोनों ओर खुले में लग रही दुकानों से दुर्गंध, गंदगी और ट्रैफिक अव्यवस्था की स्थिति बन रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय अधिकारियों की अनदेखी के कारण अवैध दुकानें लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि कई स्थानीय दुकानदारों को भी अपने व्यवसाय बंद करने की नौबत आ चुकी है।
शर्मा ने बताया कि इस संबंध में नगर निगम को पूर्व में भी अवगत कराया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। क्षेत्रवासियों की परेशानियों को देखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कर अवैध रूप से संचालित दुकानों को हटवाने की मांग की है।
पं. राजेश शर्मा ने प्रशासन से अनुरोध किया कि नियमों का कड़ाई से पालन कराते हुए अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।







