गुरु नानक देव पूरी मानवता के गुरु—डॉ. गदिया
यूपी – गाजियाबाद, वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के विवेकानंद सभागार में गुरुनानक देव जयंती बड़े श्रद्धाभाव और उत्साह के साथ मनाई गई। विद्यार्थियों ने शबद-कीर्तन, गुरबाणी, भजन, एकल और समूह गीत प्रस्तुत कर गुरु नानक देव का स्मरण किया और उनकी शिक्षाओं को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया ने कहा कि गुरु नानक देव केवल सिखों के ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के गुरु हैं। उनके उपदेश सभी समुदायों और समाज के हर वर्ग के लिए समान रूप से प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव का जन्म ऐसे समय में हुआ जब विदेशी आक्रांताओं का प्रभाव बढ़ रहा था और समाज विभाजित हो रहा था। ऐसे माहौल में उन्होंने प्रकाश पुंज बनकर अंधकार को दूर किया और मानवता को सही दिशा प्रदान की।

डॉ. गदिया ने कहा कि यदि हम गुरु नानक देव के पांच मूल उपदेश—जो मिला है मिल बांटकर खाना, ईमानदारी से कमाना, भगवान का नाम जपना, सबके लिए खुशी मांगना और सदा सत्य बोलना—को जीवन में अपनाएं, तो जीवन सफल और सार्थक हो सकता है। उन्होंने गुरु नानक देव को विश्व मानवता का मार्गदर्शक बताया।
संस्थान की निदेशक डॉ. अलका अग्रवाल ने भी गुरु नानक देव की शिक्षाओं को जीवन में उतारने पर बल दिया और कहा कि वे विश्व मानवता के प्रकाश स्तंभ हैं। कार्यक्रम में अशिका, खुशबू, आंचल त्यागी, ऐश्वर्या, मानवी, दक्ष, तितिक्षा, अर्शदीप, सोनल एंड ग्रुप, करिश्मा ढींगरा और मनप्रीत सहित कई विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम का संचालन शिखा और नैन्सी ने किया, वहीं मेवाड़ परिवार के सदस्य और विद्यार्थी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।







