यूपी – गाजियाबाद, दयाल पब्लिक स्कूल, निरंकारी कॉलोनी सेक्टर-12 विजय नगर में बाल दिवस के उपलक्ष्य में रंगारंग बाल मेले का आयोजन किया गया। मेले में बच्चों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न खेल स्टॉल, खाने-पीने के काउंटर, म्यूजिक, डांस, पंपोप तथा आकर्षक सेल्फी पॉइंट्स ने कार्यक्रम को और भी मनोरंजक बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक सरदार दामोदर सिंह जग्गी ने फीता काटकर किया। उन्होंने बच्चों द्वारा किए गए प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास और रचनात्मकता बढ़ाते हैं। विद्यालय के अध्यक्ष हरप्रीत सिंह जग्गी ने बच्चों के उत्साह की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बाल दिवस जैसे अवसर बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतरीन अवसर प्रदान करते हैं।

उपप्रबंधक दयाल सिंह जग्गी ने सभी बच्चों, अभिभावकों और स्कूल परिवार को बाल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि बाल मेले का उद्देश्य बच्चों में सामाजिक सहभागिता और सीखने की भावना को बढ़ावा देना है। मेले में अभिभावकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने बच्चों का मनोबल और बढ़ाया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य सतविंदर कौर और उपप्रधानाचार्य दीपेंद्र कौर ने समस्त अभिभावकों, अध्यापिकाओं और बच्चों को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों की समग्र शिक्षा में अत्यंत सहायक होते हैं और उन्हें आनंद के साथ सीखने का अवसर प्रदान करते हैं।
पूरा आयोजन उत्साह, उमंग और रचनात्मक अभिव्यक्ति का अद्भुत संगम रहा।







