हजारों लोगों ने किया उत्साहपूर्वक स्वागत
यूपी – गाजियाबाद, भारतीय जनता पार्टी महानगर गाजियाबाद द्वारा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर मुरादनगर में “रन फॉर यूनिटी — यूनिटी मार्च” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा सरदार पटेल एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि सरदार पटेल ने अखंड भारत की नींव रखी थी, जिसे आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मजबूत कर रहे हैं।

अंबेडकर पार्क में आयोजित जनसभा में बच्चों ने वंदेमातरम् और देशभक्ति प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र शिशौदिया ने यूनिटी मार्च को संगठन और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक बताया। सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि जनता की सहभागिता ही देश की प्रगति का आधार है, जबकि महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने इसे सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला आयोजन कहा। मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी ने कहा कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश जन-जन तक पहुँचाना हम सबका कर्तव्य है।
सभा के बाद भूपेंद्र चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर यूनिटी मार्च को रवाना किया। यात्रा अंबेडकर पार्क से के.एन. इंटर कॉलेज होते हुए मेन कस्बा रोड तक पहुँची। पूरे मार्ग में नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” के नारों से वातावरण गूंज उठा।

समापन स्थल पर आयोजित सभा में विधान परिषद सदस्य ऋषि पाल चौधरी ने इस मार्च को पश्चिम उत्तर प्रदेश की सबसे अनुशासित यात्राओं में से एक बताया। विधायक अजीत पाल त्यागी ने यात्रा संयोजक मोनू त्यागी, अभियान संयोजक गौरव चोपड़ा सहित सभी सहयोगियों का आभार जताया।
अंत में राष्ट्रगान के साथ यात्रा का समापन किया गया और अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।







