यूपी – गाजियाबाद, विभिन्न ट्रेड यूनियन महासंघों ने मजदूरों की 14 सूत्री मांगों को लेकर 14 नवंबर 2025 को उप श्रम आयुक्त कार्यालय, लोहिया नगर पर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष मजदूरों की उपस्थित के बीच महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उप श्रम आयुक्त अनुराग मिश्रा को सौंपा गया।
प्रदर्शन को एचएमएस नेताओं कुंजलता कौशिक, जयवीर सिंह, सीटू नेता वेदपाल सिंह नागर, ईश्वर त्यागी, एटक नेता मोहम्मद सुलेमान, अजीत त्यागी और इंटक नेता अनिल कुमार ने संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता और संचालन सीटू नेता बी.के.एस. चौहान ने किया। प्रदर्शन में त्रिफूल सिंह, रुखसाना बेगम, अफसाना, निशा, जरीना, श्रीकृष्ण सिंह, रविंद्र कुमार, शिवहरि अग्निहोत्री, कन्हैया मिश्रा, श्रीपाल तोमर, राजकुमार, राहुल सिंह, मुनेश, रानी, ललिता, सरोज, राजबाला, कविता, सुमन, गीता, ज्योति और छाया सहित अनेक मजदूर शामिल रहे।
ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश सरकार ने 2024 में कारखाना अधिनियम में संशोधन कर कार्य घंटे 8 से बढ़ाकर 12 कर दिए हैं, महिलाओं को रात्रि पाली में काम की अनुमति दी गई है तथा बोनस अधिनियम में मालिकों को गिरफ्तारी से छूट दी गई है, जो मजदूर विरोधी और गैर-संवैधानिक है। यूनियनों ने न्यूनतम वेतन निर्धारण, समान कार्य समान वेतन, ठेका प्रथा समाप्ति, ई-श्रम कार्ड धारकों के लिए सामाजिक सुरक्षा योजना, श्रम संहिताओं को रद्द करने, स्कीम वर्करों को कर्मचारी का दर्जा देने, तथा ESIC सुविधाओं के विस्तार जैसी मांगें उठाईं।
मजदूर संगठनों ने चेतावनी दी कि मांगों पर सम्मानजनक समाधान न होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।







