यूपी – गाजियाबाद, 13 नवंबर गांव महरौली में आज आयोजित पंचायत में वेव सिटी प्रकरण को लेकर किसानों का आक्रोश एक बार फिर तेज दिखाई दिया। पंचायत की अगुवाई करते हुए अनुज चौधरी ने कहा कि किसान अभी हारे नहीं हैं और अपनी लड़ाई को निर्णायक मोड़ तक पहुंचाने के लिए तैयार हैं।
अनुज चौधरी ने घोषणा की कि 27 तारीख को किसान संघर्ष समिति वेव सिटी के सेल्स ऑफिस पर ताला लगाने की कार्रवाई करेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चाहे जेल भरो आंदोलन ही क्यों न करना पड़े, किसान अब पीछे हटने वाले नहीं हैं।

किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि किसानों पर लगातार मुकदमे लगाए जा रहे हैं, जिससे गांवों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि 27 तारीख को हजारों किसान और विभिन्न किसान संगठन वेव सिटी सेल्स ऑफिस पहुंचकर विरोध दर्ज कराएंगे।
पंचायत में मौजूद किसानों ने एक स्वर में कहा कि जब तक उन्हें उनका अधिकार नहीं मिल जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। किसानों ने चेतावनी दी कि वे इस बार पीछे नहीं हटेंगे और आवश्यकता पड़ी तो सामूहिक रूप से जेल जाने के लिए भी तैयार हैं।
पंचायत में क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे और उन्होंने आंदोलन को और मजबूत करने का संकल्प लिया।







