यूपी – लखनऊ, 12 नवम्बर प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, लखनऊ की छात्रा संजना कुमारी को “इंडोनेशिया पारा बैडमिंटन इंटरनेशनल टूर्नामेंट 2025” में कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय सिंह, खेल एवं योग प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. पांडेय राजीवनयन और कोच इरशाद अहमद को भी शुभकामनाएं दीं।
कश्यप ने कहा कि संजना कुमारी जैसी प्रतिभाशाली छात्राएँ दिव्यांगजन सशक्तिकरण की जीवंत मिसाल हैं। उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाया है। उनकी उपलब्धि ने न केवल विश्वविद्यालय और उत्तर प्रदेश को गर्वान्वित किया है, बल्कि हजारों दिव्यांग विद्यार्थियों को प्रेरित किया है।
संजना कुमारी ने 29 अक्टूबर से 2 नवम्बर 2025 तक इंडोनेशिया में आयोजित इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए महिला युगल वर्ग (SL-3 – SU-5) में शानदार प्रदर्शन कर कांस्य पदक हासिल किया। कश्यप ने कहा कि उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि परिश्रम, आत्मविश्वास और समर्पण से हर चुनौती को पार किया जा सकता है।







