यूपी – गाजियाबाद भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी एवं संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने मंगलवार, 4 नवंबर को ज़ूम बैठक के माध्यम से प्रदेशभर के 963 जिला, महानगर प्रभारियों, पदाधिकारियों, अभियानों के संयोजकों और मंडल अध्यक्षों को संबोधित किया। बैठक में नवंबर माह में संचालित होने वाले सभी संगठनात्मक अभियानों और आयामों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई।
प्रदेश नेतृत्व ने निर्देश दिए कि सभी अभियान पूर्ण समन्वय, अनुशासन और एकजुटता के साथ संचालित हों। प्रमुख अभियानों में मतदाता सूची शुद्धिकरण हेतु एसआईआर (SIR) अभियान, “विकसित भारत—आत्मनिर्भर भारत” संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के लिए आत्मनिर्भर भारत पदयात्रा, सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित “एकता दिवस” कार्यक्रम, तथा राष्ट्रभक्ति को समर्पित “वंदे मातरम्” कार्यक्रम श्रृंखला शामिल हैं।
संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि “नवंबर संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण महीना है, कार्यकर्ता बूथ स्तर तक सक्रिय रहें।” वहीं प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि “भाजपा की असली शक्ति उसका अनुशासित कार्यकर्ता है। ये अभियान ‘विकसित भारत—आत्मनिर्भर भारत’ के विज़न को साकार करेंगे।”
बैठक के अंत में प्रदेश नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से सभी अभियानों को एकजुट होकर योजनाबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने का आह्वान किया।







