यूपी – गाजियाबाद 2 नवंबर को संकल्प जन सेवा ट्रस्ट के चेयरमैन एवं भाजपा कार्यकर्ता देवेंद्र कुमार ने अपने निवास अशोक नगर में ट्रस्ट की सचिव अंजली अग्रवाल व परिवार के सदस्यों के साथ देवउठनी एकादशी के पावन पर्व पर भगवान श्री हरि विष्णु की पूजा-अर्चना की। उन्होंने श्री विष्णु के द्वादश मंत्र “ॐ नमो भगवते वासुदेवाय” का जाप करते हुए दीप प्रज्वलित किया और माता तुलसी की परिक्रमा की।
देवेंद्र कुमार ने बताया कि देवउठनी एकादशी, जिसे प्रबोधिनी एकादशी भी कहा जाता है, के दिन भगवान विष्णु चार माह की निद्रा के बाद क्षीरसागर से जागते हैं। इसी दिन से सभी मांगलिक कार्य पुनः आरंभ होते हैं और सृष्टि में नई ऊर्जा का संचार होता है। इस दिन भगवान विष्णु का शालिग्राम रूप में माता तुलसी के साथ विवाह भी संपन्न होता है।
ट्रस्ट की सचिव अंजली अग्रवाल ने कहा कि कार्तिक मास भगवान विष्णु का प्रिय मास है। इस मास में ब्रह्म मुहूर्त में स्नान, दीपदान और व्रत रखने का विशेष महत्व है। उन्होंने बताया कि कार्तिक मास में किए गए स्नान, व्रत और दान से मनुष्य को कई गुना फल प्राप्त होता है।
कार्यक्रम में विमला देवी, उषा, विजया गर्ग, शालिनी गुप्ता, निष्ठा गुप्ता, प्रीति गुप्ता सहित अनेक भक्तों ने श्रद्धाभाव से पूजा-अर्चना की।







