यूपी – गाज़ियाबाद राष्ट्रीय व्यापार मंडल गाज़ियाबाद द्वारा महागुनपुरम सोसाइटी में राष्ट्रीय डाक विभाग और सोसाइटी के सहयोग से एक दिवसीय आधार एवं आयुष्मान कार्ड शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ राष्ट्रीय व्यापार मंडल के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप चौधरी ने किया। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल समाज के हर वर्ग तक जनसेवा पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस शिविर में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 70 वर्ष से अधिक वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए और बच्चों के नए आधार कार्ड तैयार किए गए। इसके अलावा आधार कार्ड संशोधन की सुविधा भी दी गई। श्रेया आई सेंटर, इंदिरापुरम की ओर से निःशुल्क नेत्र जांच शिविर लगाया गया, जिसमें 250 से अधिक लोगों ने जांच कराई।
शिविर में जिलाध्यक्ष बालकिशन गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष पंडित अशोक भारतीय, महामंत्री सौरभ यादव, संजय शर्मा, मनोज कुमार सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। डाक विभाग से मनोज कुमार और अन्य अधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम में रिटायर्ड आईएएस ओमवीर वीरवाल ने विशेष उपस्थिति दर्ज कर सराहना की। अंत में पंडित अशोक भारतीय ने सभी अतिथियों व सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यापार मंडल आगे भी समाजोपयोगी शिविर आयोजित करता रहेगा।







