यूपी – गाजियाबाद पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) सुरेंद्र नाथ तिवारी के निर्देशन में 2 नवंबर 2025 की रात्रि को ग्रामीण जोन के सभी थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वालों पर रोक लगाना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना था।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने बाजारों, पार्कों, बस अड्डों, सार्वजनिक स्थलों और सड़कों के किनारे विशेष निगरानी की। पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर शराब पीते पकड़े गए कुल 134 व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की। सभी को मौके पर चालान किया गया तथा कुछ को हिरासत में लेकर थानों में पूछताछ की गई।
डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे आमजन की सुरक्षा और सामाजिक व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियानों को नियमित रूप से जारी रखा जाएगा ताकि क्षेत्र में शांति और अनुशासन कायम रहे।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।







