लखनऊ/बिहार – बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नज़दीक आ रहे हैं, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नरेंद्र कश्यप एनडीए के चुनावी अभियान में पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं। पिछले एक महीने से बिहार में डेरा डाले कश्यप लगातार जनसंपर्क, नुक्कड़ सभाओं और जनसभाओं के माध्यम से एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में माहौल बना रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रमों में भी उनकी उपस्थिति चर्चा में है।

मधुबन विधानसभा के प्रभारी के रूप में मंत्री कश्यप ने 5 नवंबर को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा की विशाल जनसभा की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पदाधिकारियों व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध करने के निर्देश दिए। कश्यप ने कहा कि “कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और संकल्प के साथ इस ऐतिहासिक जनसभा को सफल बनाएंगे।”
मधुबन और पिपरा समेत कई क्षेत्रों में सक्रिय कश्यप ने कहा कि मोदी और नीतीश के विकास मॉडल की जीत सुनिश्चित है। लगातार जनसभाएं और संवाद कार्यक्रम आयोजित कर वे कार्यकर्ताओं में जोश भर रहे हैं। प्रतिदिन बैठकों के माध्यम से चुनावी रणनीति की कमान संभालते हुए कश्यप ने स्पष्ट किया कि बिहार में एनडीए की जीत सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश से भी पूरी ताकत झोंकी जा रही है।







