यूपी – गाजियाबाद चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (मूटा) के आगामी चुनावों के संबंध में डॉ पंकज शर्मा के नेतृत्व वाले पैनल ने गाजियाबाद में सघन संपर्क किया। पैनल ने एम एम एच कॉलेज, वी एम एल जी कॉलेज, शम्भू दयाल कॉलेज तथा एल आर कॉलेज में शिक्षकों से अपना घोषणा पत्र साझा करते हुए शिक्षक हितों के लिए संघर्ष करने के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की। मूटा के इतिहास में एक व्यक्ति एक मत सिद्धांत के आधार पर यह पहला चुनाव है। इससे सभी शिक्षक प्रत्यक्ष रूप से अपने प्रतिनिधियों को चुन सकेंगे।
पैनल के घोषणापत्र में पारदर्शिता पर जोर दिया गया है। इसमें शिक्षक कल्याण कोष तथा मूटा के फण्ड का आंतरिक तथा बाहरी ऑडिट कराने पर जोर दिया गया है। इसे वेबसाइट पर कोई भी देख सकेगा तथा अपनी आपत्तियां तथा सुझाव दर्ज कर सकेगा। शिक्षकों को उनके करियर में बढ़ने तथा पठन पाठन की गुणवत्ता सुधारने पर भी बल दिया गया है।
घोषणापत्र का एक महत्त्वपूर्ण बिंदु संस्थागत भ्रष्टाचार से लड़ने तथा तथा पुरानी पेंशन बहाली के लिए संघर्ष करने के लिए भी है। इसके साथ ही प्रबंधतंत्र द्वारा अनापत्ति देने, शिक्षकों के समयबद्ध रूप से वेतन निकासी तथा महिला शिक्षिकाओं को होने वाली समस्याओं के निराकरण के लिए शिकायत प्रकोष्ठ बनाने की बात कही गयी है।
डॉ पंकज शर्मा के पैनल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय की परीक्षा तथा शोध में महाविद्यालय तथा विश्वविद्यालय के शिक्षकों के मध्य भेदभाव को समाप्त करने के लिए संघर्ष किया जाएगा।
पैनल में अध्यक्ष पद के लिए डॉ पंकज शर्मा, उपाध्यक्ष पद के लिए डॉ कृष्ण देव वर्मा, डॉ रीना गुप्ता, डॉ अजीत सिंह, महामंत्री पद के लिए डॉ राहुल उज्ज्वल, संयुक्त सचिव के लिए डॉ पवन कुमार, डॉ लक्ष्मण सिंह गौतम व पीयूष त्रिपाठी कोषाध्यक्ष पद के लिए जितेंद्र कुमार तथा फुफुकटा प्रतिनिधि के लिए डॉ सचिन शर्मा तथा डॉ जयंत तेवतिया शामिल हैं।
