75वां वार्षिक निरंकारी संत समागम में होगा आध्यात्म एंव मानवता का दिव्य संगम




दिल्ली – विश्वभर के सभी भक्तों एवं प्रभु प्रेमियों के लिए दिव्यता की अविरल श्रृंखला को निरंतर जारी रखते हुए सत्गुरु माता सुदीक्षा महाराज के पावन सान्निध्य में 75वां वार्षिक निरंकारी संत समागम दिनांक 16 से 20 नवम्बर को संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल समालखा, हरियाणा में आयोजित होने जा रहा है, जिसमें लाखों की संख्या में प्रभु प्रेमी भक्त सम्मिलित होकर सत्गुरु माता जी के पावन आशीष प्रवचनों को श्रवण करेंगे।

प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 75वें वार्षिक निरंकारी संत समागम में विभिन्न संस्कृतियों एवं सभ्यताओं का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।वार्षिक निरंकारी संत समागम की प्रतीक्षा प्रत्येक निरंकारी भक्त को रहती है। हर वर्ष ही भक्तजनों को इन दिव्य संत समागमों में सम्मिलित होने की उत्सुकता बनी रहती है ताकि वह इन सेवाओं में अपना योगदान देकर भरपूर आनंद प्राप्त कर सके।

इस वर्ष का संत समागम स्वयं में विशेष है क्योंकि पिछले दो वर्षो में केवल ऑनलाइन माध्यम द्वारा ही सभी भक्तों ने संत समागमों का आनंद प्राप्त किया। इस वर्ष सत्गुरु माता सुदीक्षा महाराज की पावन छत्रछाया में भक्तों को दिव्य संत समागम में प्रत्यक्ष रूप से सम्मिलित होने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। निसंदेह मिशन के इतिहास में यह समागम स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जायेगा क्योंकि यह 75वां वार्षिक निरंकारी संत समागम है जिसका आयोजन भव्य एंव विशाल रूप में किया जा रहा है।