
10 खिलाड़ियों ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा, दो स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य पदक किए हासिल
यूपी – गाजियाबाद। गौतमबुद्ध नगर के नोएडा स्टेडियम में 25 अक्टूबर को आयोजित दूसरी ओकिनावा कप एवं इंडो-नेपाल मैत्री अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में गाजियाबाद कराटे स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ पदक हासिल किए। प्रतियोगिता में स्कूल के 10 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें आठ खिलाड़ियों ने पदक जीतकर जनपद का नाम रोशन किया।
गाजियाबाद कराटे स्कूल के मुख्य प्रशिक्षक एवं महासचिव नरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में 574 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसका आयोजन शिहान अमर चौहान, संजय शर्मा और कमल थापा की देखरेख में किया गया।
प्रतियोगिता में रौनक सिंह और वरदान कुलश्रेष्ठ ने स्वर्ण पदक जीते। दीपिका और शौर्य सिंह ने रजत पदक हासिल किए। वहीं रीत कौर, जिया सिंह, अयांश कुमार और विभा शर्मा ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर गाजियाबाद कराटे स्कूल के पदाधिकारियों आरके सप्रू, उदयवीर सिंह, भरत राणा और जैक्सन यादव मामा ने सभी विजेताओं को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन से जनपद के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

