अखिलेश यादव के बयान के विरोध में उत्तराखंड समाज ने फूंका पुतला

भाजपा नेता सागर रावत के नेतृत्व में इंदिरापुरम के काला पत्थर रोड पर प्रदर्शन, महिलाओं ने पुतले पर बरसाईं चप्पलें

यूपी – गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कथित बयान को लेकर उत्तराखंड समाज के लोगों में नाराजगी है। बयान के विरोध में शुक्रवार को इंदिरापुरम स्थित काला पत्थर रोड पर भाजपा नेता सागर रावत के नेतृत्व में उत्तराखंड समाज के लोगों ने प्रदर्शन कर अखिलेश यादव का पुतला फूंका।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने अखिलेश यादव के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके बयान पर कड़ी नाराजगी जताई। इस दौरान प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने अखिलेश यादव के पुतले पर चप्पलें बरसाईं। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने पुतले का दहन कर विरोध दर्ज कराया।

इस मौके पर भाजपा नेता सागर रावत ने कहा कि अखिलेश यादव द्वारा उत्तराखंड के लोगों को कथित तौर पर घुसपैठिया बताए जाने से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां के लोगों की अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, परंपराएं और गौरवशाली विरासत है। ऐसे में उत्तराखंड के लोगों के प्रति सम्मानजनक भाषा का इस्तेमाल किया जाना चाहिए।

सागर रावत ने देवभूमि के देवी-देवताओं से प्रार्थना करते हुए कहा कि अखिलेश यादव की पार्टी कभी सत्ता में न आए। प्रदर्शनकारियों ने भी बयान पर नाराजगी जताते हुए उत्तराखंड समाज के सम्मान की रक्षा करने की मांग की।