बी.एल. बत्रा की स्मृति में सांस्कृतिक समारोह और कवि सम्मेलन आयोजित

कवि डॉ. चेतन आनंद के पांचवें काव्य संग्रह ‘शब्द शब्द पंछी’ का हुआ लोकार्पण, 14 विभूतियां सम्मानित

यूपी – गाजियाबाद। अमित्र फाउंडेशन्स की ओर से लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में सुप्रसिद्ध साहित्यकार एवं कवि बी.एल. बत्रा ‘अमित्र’ की स्मृति में सांस्कृतिक समारोह, सम्मान समारोह, पुस्तक लोकार्पण और कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदा एवं बी.एल. बत्रा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण से हुआ। कविनगर प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।

समारोह में कवि एवं पत्रकार डॉ. चेतन आनंद के पांचवें काव्य संग्रह ‘शब्द शब्द पंछी’ का लोकार्पण किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने राजस्थानी गीत ‘रंगीलो म्हारो ढोलणा’, ‘भरे नैना’, ‘जलवा जलवा’, ‘कान्हा तेरी मुरली’ और कालबेलिया नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की सराहना प्राप्त की। मीनाक्षी सिंह और संजलि चौरसिया ने एकल नृत्य प्रस्तुतियां दीं।

समारोह में संगीतज्ञ हरिदत्त शर्मा, डॉ. यतीन्द्र कटारिया विद्यालंकार, डॉ. ऋचा सूद, बालेश्वर त्यागी, सी.एल. बरेजा, मीरा शलभ, अंजु जैन, वंदना कुंअर रायजादा, अक्षयवर नाथ श्रीवास्तव, डॉ. राखी अग्रवाल, अदिति अस्थाना, शुचि मेहरा, सुभाष गर्ग और अतुल त्यागी सहित 14 विभूतियों को सम्मानित किया गया।

समारोह की अध्यक्षता डॉ. रमा सिंह ने की। मुख्य अतिथि अमिताभ अग्निहोत्री और अतिविशिष्ट अतिथि राजेन्द्र गुप्ता रहे। सांसद अतुल गर्ग, विधायक संजीव शर्मा, अभिनेता निशिकांत दीक्षित, पार्षद शीतल दयोल और भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल भी उपस्थित रहे।

कवि सम्मेलन में डॉ. रमा सिंह, डॉ. अनिल बाजपेयी, डॉ. चेतन आनंद, कुशल धुनेरिया और सुरेन्द्र शर्मा ने काव्य पाठ किया। संचालन वरिष्ठ कवि सुरेन्द्र शर्मा ने किया। अंत में फाउंडेशन के सह संस्थापक समीर बत्रा और अध्यक्ष तन्वी बत्रा ने सभी का आभार व्यक्त किया।