
वार्षिकोत्सव ‘उमंग 2026’ में विद्यार्थियों ने प्रस्तुत की त्याग, साहस और वचनबद्धता की गाथा
यूपी – गाजियाबाद। सिल्वरलाइन प्रेस्टीज स्कूल की सीनियर सेकेंडरी शाखा में वार्षिकोत्सव ‘उमंग 2026’ के अंतर्गत ‘दानवीर कर्ण-गाथा त्याग व ज्ञान की’ नाटक का भव्य मंचन किया गया। कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों ने अपने अभिनय और संवादों के माध्यम से महाभारत के सूर्यपुत्र कर्ण के जीवन, संघर्ष, त्याग, साहस और वचनबद्धता को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के बैंड की प्रस्तुति से हुआ। विद्यालय अध्यक्ष डॉ. सुभाष जैन के सानिध्य में मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अमित गुप्ता और अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया। विद्यार्थियों ने कांगो, गिटार और कैसियो पर संगीतमय प्रस्तुतियां दीं। काल भैरव गीत और कुंती के नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।

नाटक में कर्ण के जन्म, शिक्षा, युद्ध कौशल, सामाजिक उपेक्षा और दानवीरता से जुड़े प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन हुआ।
डॉ. सुभाष जैन ने बच्चों के सर्वांगीण विकास में प्रोत्साहन और सांस्कृतिक विरासत के महत्व पर जोर दिया। उपाध्यक्ष नमन जैन ने अनुशासन और नवाचार को आवश्यक बताया। निदेशक प्रशासन प्रणव जैन ने आभार जताया। प्रधानाचार्या डॉ. गीता जोशी ने शिक्षा के साथ संस्कार और जिम्मेदारी विकसित करने पर बल दिया।

