हमारे पास जनता के बीच जाकर सच बताने के अलावा कोई रास्ता नहीं है : राहुल गांधी



यूपी – गाजियाबाद देशभर में लगातार बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने 4 सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में हल्ला बोल रैली की। जिसमें गाजियाबाद सहित देशभर से बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।

रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश में मीडिया, प्रेस और इंस्टीट्यूशन सरकार के दबाव में हैं। ऐसे में हमारे पास जनता के बीच जाकर सच बताने के अलावा कोई रास्ता नहीं है।

राहुल ने कहा कि देश के 10-15 अमीर लोग जो सपना चाहें, देख सकते हैं। गरीबों के साथ ऐसा नहीं है, लेकिन यह देश उद्योगपतियों का नहीं, गरीबों का है।
उन्होंने कहा महंगाई और बेरोजगारी का डर देश में नफरत बढ़ा रहा। हिंदुस्तान में डर बढ़ता जा रहा है भविष्य का डर, महंगाई का डर, बेरोजगारी का डर बढ़ता जा रहा है। नफरत से लोग बंटते हैं, देश बंटता है और कमजोर होता है। भाजपा और संघ के नेता देश को बांटते हैं भय पैदा करते हैं। लोगों को डराते हैं और नफरत पैदा करते हैं । सवाल उठता है कि किसके लिए करते हैं और क्यों करते हैं। इस नफरत का फायदा किसको मिल रहा है। इसका पूरा फायदा हिंदुस्तान के दो उद्योगपति उठा रहे हैं।
मोदीजी ने नोटबंदी की इससे क्या गरीबों का फायदा हुआ, उन्होंने गरीबों की जेब से पैसा निकाला गरीबों से कहा कि कालेधन के खिलाफ लड़ाई है। कुछ महीनों बाद आपने देखा कि आपकी जेब से निकाला गया लाखों करोड़ रुपए देश के सबसे बड़े उद्योगपतियों का कर्जा माफ किया गया। किसान का कर्जा माफ नहीं करेंगे। किसानों के खिलाफ काले कानून लाएंगे। कहेंगे कि ये कानून उनके फायदे के लिए हैं। अगर किसान के फायदे के लिए हैं तो हिंदुस्तान में किसान क्यों इसके खिलाफ है।