मतदाता पंजीकरण अभियान को लेकर जिलाधिकारी ने की प्रधानाचार्यों के साथ बैठक, 1800 शिक्षकों ने लिया हिस्सा

18 से 20 नवंबर तक विद्यालयों में होगी विशेष अभिभावक-शिक्षक बैठक, पात्र मतदाताओं के भरवाए जाएंगे फार्म

यूपी – गाजियाबाद। मोहननगर स्थित आईटीएस कॉलेज में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मतदाता पंजीकरण अभियान को लेकर जनपद के उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा परिषद, सीबीएसई, आईसीएसई और बेसिक शिक्षा परिषद से जुड़े विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित लगभग 1800 प्रधानाचार्य एवं प्रधानाध्यापक शामिल हुए।

जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यार्थी अपने अभिभावकों और परिवार के उन सदस्यों को मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित करें, जो एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं या इससे अधिक आयु के हैं।

उन्होंने 18, 19 और 20 नवंबर को सभी विद्यालयों में विशेष अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। इन बैठकों में नए मतदाताओं के फार्म-6 एकत्र किए जाएंगे। मतदाता सूची में संशोधन और स्थानांतरण के लिए फार्म-8 की प्रक्रिया में भी सहयोग किया जाएगा। संकलित फार्म विधानसभा क्षेत्रवार जिला विद्यालय निरीक्षक अथवा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा कराए जाएंगे।

मुख्य विकास अधिकारी ने बैठक में ईसीआईनेट ऐप डाउनलोड करने और उसके उपयोग की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने सभी शिक्षण संस्थानों को अभियान का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।