
मुख्यमंत्री ने शहरवासियों और सफाई मित्रों को दी बधाई, स्वच्छता अभियान जारी रखने के लिए किया प्रोत्साहित
यूपी – गाजियाबाद। स्वच्छता सर्वेक्षण में स्वच्छ सिटी श्रेणी के तहत उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर गाजियाबाद को मिले पुरस्कार को महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेंट किया। दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में महापौर और नगर आयुक्त को यह पुरस्कार प्रदान किया गया था।
हिंडन एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान महापौर और नगर आयुक्त ने पुरस्कार भेंट किया। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार और मुख्य अभियंता (निर्माण) नरेंद्र कुमार चौधरी भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने महापौर, नगर आयुक्त और नगर निगम की टीम का उत्साहवर्धन करते हुए स्वच्छता के क्षेत्र में इसी तरह बेहतर कार्य जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने गाजियाबाद के नागरिकों को भी इस उपलब्धि पर बधाई दी।
नगर निगम द्वारा शहर में ट्रिपल आर (रिड्यूस, रीयूज, रिसाइकिल) अभियान, प्लास्टिक मुक्त मुहिम, कूड़ा पृथक्करण, बड़े स्तर पर पौधरोपण और शहर को धूल मुक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। वायु गुणवत्ता सुधार के लिए भी विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। महापौर और नगर आयुक्त ने इस उपलब्धि का श्रेय शहरवासियों, सफाई मित्रों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयासों को दिया।

