
आंचल न्यास की ओर से आर्यन कॉलेज में होगा कार्यक्रम, कथावाचक अतुल कृष्ण भारद्वाज रहेंगे उपस्थित
यूपी – गाजियाबाद। नवरात्र के पावन पर्व पर आंचल न्यास की ओर से 18 अक्टूबर को 1008 कन्याओं के सामूहिक पूजन का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी शनिवार को राजनगर में आयोजित प्रेसवार्ता में कार्यक्रम संयोजक संजय कुशवाहा ने दी।
संजय कुशवाहा ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की शिक्षा, पूर्वोत्तर के बच्चों के स्वावलंबन और गोवंश संवर्धन के लिए समर्पित आंचल न्यास प्रतिवर्ष यह आयोजन करता है। इस वर्ष 1008 परिवार मिलकर 1008 कन्याओं का पूजन करेंगे। गाजियाबाद, नोएडा, हापुड़, पिलखुवा, मुरादनगर, मोदीनगर, लोनी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लोगों का सहयोग मिल रहा है।
समिति के सूचना प्रौद्योगिकी प्रमुख अमित मित्तल ने बताया कि कार्यक्रम सुबह 11 बजे डासना रोड स्थित जिंदलनगर में आंचल न्यास के निकट आर्यन कॉलेज में होगा। विश्व प्रसिद्ध कथावाचक अतुल कृष्ण भारद्वाज भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के बाद विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा।
समिति के व्यवस्था प्रमुख सत्यपाल सिंह ने बताया कि आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विपिन त्यागी ने बताया कि इससे पहले दुर्गा सप्तशती के 108 पाठ किए जाएंगे।
प्रेसवार्ता में प्रीति चन्दा राय सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। आयोजकों ने समाज के लोगों से कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की।

