
पीड़ित परिवारों से मिलकर दिया न्याय का भरोसा, प्रत्येक परिवार को छह लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने के निर्देश
यूपी – गाजियाबाद। बिजनौर जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र के जमालदीपुर गांव में महेंद्र कश्यप, बाबूराम कश्यप और उदय की हत्या के मामले में मंत्री नरेंद्र कश्यप ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
मंत्री नरेंद्र कश्यप ने मृतकों के परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। सभी आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से वार्ता कर जांच तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष आरोपियों को अगले दो दिनों के भीतर गिरफ्तार करने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने बताया कि अब तक पांच आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। साथ ही मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
पीड़ित परिवारों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए नरेंद्र कश्यप ने जिलाधिकारी को प्रत्येक प्रभावित परिवार को छह लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ हैं। दोषियों को सजा दिलाना और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

