ठाकुरद्वारा बालिका विद्यालय की हॉकी टीम ने जीता कांस्य पदक

समीक्षा को मिला सर्वश्रेष्ठ रक्षक का पुरस्कार, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बढ़ाया गाजियाबाद का गौरव

यूपी – गाजियाबाद। श्री ठाकुरद्वारा बालिका विद्यालय की अंडर-17 बालिका हॉकी टीम ने सीबीएसई राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर विद्यालय और गाजियाबाद का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता का आयोजन 1 से 7 अक्टूबर तक संत ज्ञानी गुरबचन सिंह जी खालसा अकादमी, मेहता चौक, अमृतसर (पंजाब) में किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों की स्वर्ण पदक विजेता टीमों के साथ ओमान की टीम ने भी भाग लिया।

राष्ट्रीय स्तर की मजबूत टीमों के विरुद्ध खेलते हुए ठाकुरद्वारा की छात्राओं ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, साहस और टीम भावना का परिचय दिया। विद्यालय की प्रतिभाशाली खिलाड़ी समीक्षा ने शानदार रक्षात्मक प्रदर्शन के लिए अंडर-17 बालिका वर्ग में सर्वश्रेष्ठ रक्षक का पुरस्कार हासिल किया।

प्रतियोगिता के समापन समारोह में पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह, भारतीय अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी जर्मनप्रीत सिंह और आयोजन स्थल के प्रधानाचार्य की उपस्थिति में खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्रधानाचार्या पूनम शर्मा, प्रबंधक ज्ञान प्रकाश गोयल, कोषाध्यक्ष मोहित गुप्ता और उपप्रबंधक अनिल कुमार ने टीम तथा प्रशिक्षकों को बधाई दी। पूनम शर्मा ने छात्राओं की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।