
यूपी – गाजियाबाद। साहिबाबाद के स्वरूप पार्क, जीटी रोड स्थित ज्ञानपीठ केंद्र में 11 अक्टूबर को लोक शिक्षण अभियान ट्रस्ट की ओर से महान स्वतंत्रता सेनानी लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। “संपूर्ण क्रांति लाओ, लोकतंत्र बचाओ” विषय पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके विचारों पर चलने और लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लिया।
मुख्य वक्ता समाजवादी चिंतक एवं शिक्षाविद राम दुलार यादव ने कहा कि जयप्रकाश नारायण निर्भीक समाजवादी नेता थे। उन्होंने गांधीवादी विचारों से प्रेरित होकर संपूर्ण क्रांति का नारा दिया। उनका उद्देश्य राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक और नैतिक परिवर्तन के माध्यम से भेदभाव रहित समाज का निर्माण करना था। उन्होंने लोकतंत्र, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक समानता के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जय प्रकाश सिंह एडवोकेट ने की। आयोजन इंजीनियर धीरेन्द्र यादव ने किया, जबकि संचालन श्रमिक नेता अनिल मिश्र ने किया। जगन्नाथ प्रसाद मुख्य अतिथि रहे। ताहिर अली ने ज्ञानपीठ संदेश प्रस्तुत किया। राजेन्द्र सिंह ने भजन और हुकुम सिंह ने देशप्रेम, किसान-मजदूरों पर आधारित गीत सुनाया।
इस अवसर पर राम प्यारे यादव, विजय भाटी एडवोकेट, रामेश्वर यादव, अमृतलाल चौरसिया, राम नाथ सिंह, मुनीव यादव, डॉ. देवकर्ण चौहान, सम्राट सिंह, सीबी मौर्य, हरेन्द्र यादव, प्रेम चन्द पटेल, विक्रम सिंह, हरिकृष्ण और उदय प्रताप सहित अन्य लोगों ने जयप्रकाश नारायण के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

