सात्विका की उत्कृष्ट भरतनाट्यम प्रस्तुति ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

नई दिल्ली, 11 अक्टूबर। भवानीज़ प्रसन्नालय ट्रस्ट की ओर से मयूर विहार फेज-1 स्थित कार्तियायनी सोशियो-कल्चरल कॉम्प्लेक्स में आयोजित एकल भरतनाट्यम प्रस्तुति ‘रसा’ में नृत्यांगना ए. सात्विका ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति से दर्शकों और कला विशेषज्ञों की सराहना प्राप्त की। वर्ष प्रतिपदा और नवरात्रि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भारतीय शास्त्रीय नृत्य, भक्ति और आध्यात्मिकता का सुंदर संगम देखने को मिला।

गुरु भवानी अनंतरामन के मार्गदर्शन में सात्विका ने सटीक मुद्राओं, लयबद्ध पदचाप और प्रभावशाली भावाभिव्यक्ति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। उन्होंने पुष्पांजलि, राग कल्याणी पर आधारित वर्णम, आदि शंकराचार्य के श्लोक, संत मीराबाई के भजन ‘चलो मन गंगा यमुना तीर’, तिल्लाना और मंगलम की प्रस्तुति दी।

ओपी जिंदल लॉ कॉलेज से स्नातक और पेशे से छायाकार सात्विका ने 15 वर्ष पूर्व मुंबई में अपना अरंगेत्रम पूरा किया था। उनकी प्रस्तुति में तकनीकी दक्षता और भावाभिव्यक्ति का प्रभावशाली समन्वय दिखाई दिया।

कार्यक्रम में सुधा रघुरामन ने गायन, जी. रघुरामन ने बाँसुरी और एमवी चंद्रशेखर ने मृदंगम पर संगत की। ए. शिवा ने मंच संचालन किया। ट्रस्ट के न्यासी वी. अनंतरामन और ए. शिवा के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में गुरु-शिष्य परंपरा का उत्सव मनाया गया। कियान फाउंडेशन परिवार ने सफल आयोजन के लिए बधाई दी।