विजयनगर रामलीला में ताड़का और सुबाहु वध का मंचन, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा पंडाल

यूपी – गाजियाबाद, 11 अक्टूबर। विजयनगर मिलिट्री ग्राउंड स्थित श्री सनातन धर्म रामलीला कमेटी ट्रस्ट की ओर से आयोजित रामलीला महोत्सव में ताड़का वध और सुबाहु वध के प्रसंगों का मंचन किया गया। कलाकारों ने प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण के पराक्रम का सजीव चित्रण किया। मंचन के दौरान पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

प्रसंग के अनुसार, ऋषि विश्वामित्र अपने यज्ञ की रक्षा के लिए राजा दशरथ से राम और लक्ष्मण को साथ ले जाने का आग्रह करते हैं। वन में श्रीराम ताड़का का वध कर लोगों को उसके आतंक से मुक्ति दिलाते हैं। इसके बाद यज्ञ में विघ्न डालने पहुंचे सुबाहु का वध करते हैं और मारीच को बाण से दूर समुद्र की ओर भेज देते हैं। इससे ऋषियों का यज्ञ निर्विघ्न संपन्न होता है। कलाकारों के अभिनय और युद्ध दृश्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रामलीला के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया।

लीला से पहले कमेटी अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार गुप्ता, महासचिव सतीश शर्मा, कोषाध्यक्ष गिरीश मेहता, सहसंयोजक बाबूराम गौतम, देवेंद्र त्रिपाठी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र अग्रवाल, सुनील कुमार शर्मा, सहसचिव रवि कौशिक, उपाध्यक्ष अरविंद कौशिक, विकास त्यागी और मनोज नागर ने मंच पर श्रीगणेश की आरती की। इसके बाद रामलीला का मंचन शुरू हुआ।