
समाजवादी विचारधारा और संविधान की रक्षा का लिया संकल्प
यूपी – गाजियाबाद/साहिबाबाद, 10 अक्टूबर। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व रक्षामंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर शनिवार को स्वरूप पार्क, जीटी रोड साहिबाबाद स्थित सपा शिविर कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। पुण्यतिथि को सांप्रदायिक सद्भाव दिवस के रूप में मनाया गया। आयोजन इंजीनियर धीरेन्द्र यादव ने किया। समाजवादी चिंतक एवं शिक्षाविद राम दुलार यादव मुख्य वक्ता रहे।
राम दुलार यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने जाति-धर्म से ऊपर उठकर अगड़ों, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों को राजनीति में सम्मानजनक अवसर दिए। उन्होंने किसानों, गांवों और कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया तथा लोकतंत्र और संविधान की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि नेताजी समाजवाद के ध्वजवाहक और शोषित-वंचित वर्गों की आवाज थे।
उन्होंने कहा कि जातिवाद, धार्मिक कट्टरता, महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं से निपटने के लिए समाजवादी विचारधारा को मजबूत करना जरूरी है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर समता, समानता, बंधुता और सांप्रदायिक सद्भाव बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर राम दुलार यादव, वीर सिंह सैन, इंजीनियर धीरेन्द्र यादव, राजपाल यादव, विजय मिश्र, विक्रम सिंह, हरिकृष्ण यादव, हरिशंकर यादव, कपिल कुमार, विकास कुमार, शिवम पाण्डेय, सरेश कुमार, प्रेमचंद पटेल, पुनीत कुमार और कल्पना सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

